शिमला में शुक्रवार को होगी बड़ी मैराथन, 5 हज़ार प्रतिभागी लेंगे हिस्सा, ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ का दिया जाएगा संदेश
शिमला, 04 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर शुक्रवार को।राजधानी शिमला में एक बड़ी मैराथन का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इस कार्यक्रम में करीब 5 हज़ार लोगों के भाग लेने की संभावना है। मैराथन के जरिए लोगों को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ नशे के खिलाफ जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
यह मैराथन पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम की थीम ‘स्वस्थ पर्यावरण और चिट्टा मुक्त हिमाचल’ रखी गई है। राज्य सरकार का कहना है कि पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्त समाज, दोनों ही वर्तमान समय की बड़ी चुनौतियां हैं और इस आयोजन के माध्यम से लोगों को इन मुद्दों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव डॉ. सुजीत कुमार सिंगला ने बताया कि मैराथन गुरुवार सुबह साढ़े छह बजे शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान से शुरू होगी। यह दौड़ रिज मैदान से छोटा शिमला और संजौली होते हुए वापस रिज मैदान तक पहुंचेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल कविंद्र गुप्ता हरी झंडी दिखाकर करेंगे। वहीं, मैराथन के समापन समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के भी शामिल होने की संभावना है।
आयोजकों के अनुसार मैराथन में विभिन्न आयु वर्गों और श्रेणियों के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
डॉ. सिंगला ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह प्रकृति संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों और सतत विकास के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को समझने का अवसर भी है। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में इस मैराथन में भाग लेने और पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ नशा मुक्त हिमाचल के अभियान को मजबूत बनाने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

