शिमला में खाई में गिरी कार, दो मरे

WhatsApp Channel Join Now
शिमला में खाई में गिरी कार, दो मरे


शिमला, 21 अक्टूबर (हि.स.)। शिमला जिले के सुन्नी इलाके में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना सोमवार रात सुन्नी थाना क्षेत्र के हाजल में हुई, लेकिन पुलिस को इसकी सूचना मंगलवार को मिली। इसके बाद पुलिस और दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान उत्तम (44) पुत्र मघनी राम निवासी बाली गुम्मा और यशपाल (37) पुत्र नारायण निवासी गुम्मा तहसील शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस को मंगलवार को ग्रामीणों ने हादसे की सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। कार गहरी खाई में गिरी होने के कारण शवों को बाहर निकालने में कठिनाई हुई। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला।

इसके बाद शवों को सुन्नी अस्पताल ले जाया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस के एक अधिकारी ने हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है।

घटना के बाद गुम्मा और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस हादसे से जुड़े कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764208 Articles

Share this story