शिमला के दुधली में 5.68 करोड़ की चार परियोजनाओं का शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
शिमला के दुधली में 5.68 करोड़ की चार परियोजनाओं का शिलान्यास


शिमला, 23 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिले के कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने गुरूवार को दुधली में 5.68 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली चार विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें दो सड़कें और दो पंचायत सामुदायिक भवन शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में बेहतर सड़क सुविधा और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।

मंत्री ने बताया कि बेशक से टूड गांव को जोड़ने वाली सड़क 2.52 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जाएगी, जबकि भराड़ी-रगयान सड़क से कनैना सड़क के निर्माण पर करीब 87 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों सड़कों के टेंडर जल्द जारी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाए, ताकि लोगों को आने-जाने में आसानी हो सके।

इसके साथ ही दुधली और टूड में पंचायत सामुदायिक भवन भी बनाए जाएंगे, जिन पर प्रति भवन 1.14 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि ये भवन ग्राम सभा की बैठकों के साथ-साथ शादी और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए भी उपयोगी साबित होंगे।

अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि कसुम्पटी क्षेत्र के सभी गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पिछले तीन वर्षों में क्षेत्र में सड़कों के निर्माण के लिए करीब 200 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 325 सड़कों में से 150 के जरूरी औपचारिक काम पूरे कर लिए गए हैं, जबकि करीब 100 सड़कों का निर्माण कार्य पूरा कर उन्हें जनता को समर्पित किया जा चुका है।

उन्होंने यह भी कहा कि महिला मंडलों को बढ़ावा देने के लिए 60 फूड वैन दी गई हैं, ताकि महिलाएं अपने उत्पाद और व्यंजन बेचकर आय बढ़ा सकें। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कमयाना हिल टॉप पर करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से एक पार्क बनाया जा रहा है, जहां पर्यटकों के लिए कॉटेज और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मंत्री ने बताया कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए 40 से 50 ट्रांसफार्मर लगाए या अपग्रेड किए गए हैं। साथ ही डुम्मी पंचायत में प्लास्टिक मैनेजमेंट सेंटर भी बनाया जा रहा है, ताकि कचरा प्रबंधन बेहतर हो सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि कूड़ा इधर-उधर न फेंककर कूड़ेदान में डालें।

उन्होंने कहा कि सरकार हर पंचायत को ई-रिक्शा देने की योजना पर भी काम कर रही है। उनका कहना था कि सभी के सहयोग से कसुम्पटी क्षेत्र को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story