लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण : एकता कापटा

WhatsApp Channel Join Now
लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण : एकता कापटा


नाहन, 16 नवंबर (हि.स.)। अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर एकता कापटा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रहती है। एकता कापटा ने आज यहां राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के अवसर पर जिला सिरमौर के नाहन स्थित प्रेस क्लब में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

एकता कापटा ने राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल सूचनाओं के आदान-प्रदान का माध्यम ही नहीं, अपितू जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने, शासन और आमजन के बीच संवाद स्थापित करने के साथ-साथ समाज को जागरूक करने का भी सशक्त माध्यम है।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि भारतीय प्रेस परिषद द्वारा इस वर्ष राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के लिए निर्धारित विषय ‘पत्रकारिता सनसनी या जिम्मेदारी’ पर अपने विचार साझा करते हुए जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विशेष रूप से मीडिया में नैतिकता को जिम्मेदार पत्रकारिता की आधारशिला बताया और कहा कि मीडिया की विश्वसनीयता, निष्पक्षता, तथ्यात्मकता, संतुलन और नैतिक मूल्यों पर आधारित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाचार प्रकाशन एवं प्रसारण में तथ्यों की पुष्टि, विभिन्न पक्षों को उचित स्थान देना तथा जनहित को सर्वाेपरि रखना नितांत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते डिजिटल मीडिया के दौर में पत्रकारों के लिए मीडिया की नैतिकता और भी महत्वपूर्ण हो गई है। पत्रकारिता में विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन भी अनिवार्य है।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सार्थक चर्चा की गई। पत्रकारिता के विद्यार्थियों को भी इस अवसर पर मीडिया के क्षेत्र में पेशेवर नैतिकता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के महत्व को समझने का अवसर मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778041 Articles

Share this story