मंडी के ऐहजू में तेज रफ्तार टैंपो की चपेट में आई छात्रा, मौत
मंडी, 14 मई (हि.स.)। मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर मंडी से 70 किलोमीटर दूर जिले के जोगिंद्रनगर उपमंडल के ऐहजू के समीप गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूली छात्रा की मौत हो गई है । तेज रफ्तार टैंपो की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल छात्रा को बैजनाथ अस्पताल पहुंचाया गया जहां पहुंचते पहुंचते छात्रा की मौत हो गई। हादसे का शिकार हुई छात्रा की पहचान 17 वर्षीय अनु पुत्री पुन्नू राम निवासी बैजनाथ के रूप में हुई है। वह राजकीय उच्च वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऐहजू में जमा एक कक्षा की छात्रा थी।
मृतक छात्रा अनु मचकेहड़ स्थित अपने ननिहाल से स्कूल जा रही थी। इसी दौरान ऐहजू के समीप वह एक टैंपो की चपेट में आ गई। टेंपो की टक्कर में छात्रा दूर सड़क में गिर गई और पैरापिट से जा टकराई जहां उसे सिर पर चोट पहुंची। टेंपो चालक द्वारा गंभीर रूप से घायल अनु को अपने टेंपो के माध्यम से सिविल अस्पताल बैजनाथ पहुंचाया गया। जहां उसे मृत घोषित किया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
मृतक छात्रा के साथ अन्य बच्चे भी स्कूल जा रहे थे लेकिन भाग्यवश कोई बड़ा हादसा होने से टल गया। बताया गया कि अनु बहुत ही शांत स्वभाव की लड़की थी और किसी से ज्यादा बात नहीं करती थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

