भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् के स्थापना दिवस पर किसान परिचर्चा का आयोजन
नाहन, 16 जुलाई (हि.स.)। किसान उन्नत कृषि विधियों को अपनाकर आत्मनिर्भरता की और बढ़ाएं अपने कदम। इसी कड़ी में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद्, नई दिल्ली के स्थापना दिवस के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र धौलाकुआं सिरमौर में इफको के साथ मिलकर किसान कार्यशाला का आयोजन किया गया और कृषि उत्पादकता को बढ़ाने के लिए प्रतिभागियों को इफको के उन्नत कृषि उत्पाद प्रदान किए गए।
इस अवसर पर इफको के हिमाचल प्रदेश प्रमुख डॉ सुधीर सिंह कटियार और वरिष्ठ प्रबंधक पवन कुमार सारस्वत और फील्ड ऑफिसर रोहित शर्मा ने इफको के विभिन्न उत्पादों जिनमें नैनो यूरिया, नैनो डी.ए.पी., नैनो जिंक, सागरिका, घुलनशील उर्वरकों और उनके प्रयोग के बारे में किसानों से विस्तृत परिचर्चा की। इस कार्यशाला का आयोजन देश की अग्रणी संस्था इफको ने कृषि विज्ञान केंद्र, सिरमौर के सहयोग से किया जिसमें डॉ पंकज मित्तल ने बताया कि इस अवसर पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् के हर-पल हर-डगर किसानों का हमसफर के अंतर्गत भारत सरकार की परियोजनाओं की जानकारी और लाभ किसानों तक पहुंच सके और उन्हें उन्नत कृषि विधियों के बारे में जानकारी मिल सके इसी उद्देश्य के साथ ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
डॉ. पंकज मित्तल ने अपने संबोधन में कृषि विश्वविद्यालय के धौलाकुआं परिसर में कृषि क्षेत्र में हो रहे महत्वपूर्ण नवाचारों और विधियों के संदर्भ में उपस्थित किसानों को अवगत करवाया और इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

