भाजपा ने प्रशिक्षण और बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ में की नियुक्तियां

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 25 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से प्रशिक्षण प्रकोष्ठ और बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ में प्रदेश तथा जिला स्तर पर कई महत्वपूर्ण नियुक्तियों की घोषणा की है। पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श के बाद यह फैसला लिया गया है, ताकि संगठन का वैचारिक, प्रशिक्षणात्मक और बौद्धिक आधार और सुदृढ़ किया जा सके।

प्रशिक्षण प्रकोष्ठ में प्रदेश सह-संयोजक के रूप में राम कुमार शर्मा, अंजना शर्मा, वीर सिंह गुलेरिया, शशि भूषण श्याम और मदन शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं जिला स्तर पर शिमला से गगन शर्मा, महासू से कुलदीप खुंद, सोलन से किशन वर्मा, सिरमौर से नवीन शर्मा, ऊना से सतीश शर्मा, कांगड़ा से विजय शर्मा, पालमपुर से राजेश दीक्षित, नूरपुर से राजेंद्र सिंह राणा, कुल्लू से ज्ञान चंद और किन्नौर से दौलत राम नेगी को जिला संयोजक नियुक्त किया गया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

इसी तरह भाजपा प्रदेश बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ में भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रदेश सह-संयोजक के रूप में राकेश भारद्वाज और डॉ. रोशमा शर्मा को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा मंडी, कुल्लू, ऊना, सोलन, कांगड़ा, पालमपुर, सुंदरनगर, लाहौल-स्पीति, चंबा, बिलासपुर, हमीरपुर, नूरपुर, महासू, किन्नौर और सिरमौर जिलों में संयोजक और सह-संयोजकों की नियुक्ति की गई है। बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ का उद्देश्य समाज के प्रबुद्ध वर्ग को पार्टी की विचारधारा से जोड़ना और समसामयिक विषयों पर तथ्यात्मक व वैचारिक संवाद को आगे बढ़ाना बताया गया है। इस प्रकोष्ठ की सभी नियुक्तियां भी तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

प्रदेश नेतृत्व ने उम्मीद जताई है कि प्रशिक्षण प्रकोष्ठ पार्टी कार्यकर्ताओं के वैचारिक विकास, संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा। वहीं बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद स्थापित कर पार्टी की नीतियों और राष्ट्रवादी सोच को मजबूती देगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story