भगोड़े आरोपी को पुलिस टीम ने दबोचा

WhatsApp Channel Join Now
भगोड़े आरोपी को पुलिस टीम ने दबोचा


नाहन, 02 मार्च (हि.स.)। जिला सिरमौर में पुलिस ने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों पर नकेल कसने के लिए एक विशेष अभियान चलाया है। इसी कड़ी में उद्घोषित अपराधियों को पकड़ने के लिए गठित विशेष टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने धोखाधड़ी और अमानत में खयानत जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त एक भगोड़े अपराधी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान राजकमल नेगी पुत्र रोशन लाल के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से शिमला जिले की ननखड़ी तहसील के गांव खमाडी का रहने वाला है और वर्तमान में शिमला के ही झाखड़ी क्षेत्र में रह रहा था।

यह पूरी कार्रवाई वर्ष 2021 के एक पुराने आपराधिक मामले से जुड़ी है, जिसमें आरोपी राजकमल नेगी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ 18 जुलाई 2021 को थाना श्री रेणुका जी में मुकदमा संख्या 31/21 दर्ज किया गया था। उस समय राजकमल पर भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ था, जिसमें मुख्य रूप से धोखाधड़ी (धारा 420) और अमानत में खयानत यानी विश्वासघात (धारा 406) के आरोप शामिल थे। इसके अलावा, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उस पर आपराधिक षड्यंत्र रचने (धारा 120B) और चोरी की संपत्ति को गलत तरीके से प्राप्त करने (धारा 411) के तहत भी शिकंजा कसा था।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने अब उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 209 के तहत एक नया मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस संबंध में आगामी तफ्तीश तेज कर दी है और उसे जल्द ही संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story