बारिश के बावजूद दूसरे नवरात्रि पर भी कम नही हुई श्रद्धालुओं की आस्था, सुबह से ही मंदिरों में उमड़ी भीड़
धर्मशाला, 20 मार्च (हि.स.)।
चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन भी बारिश का दौर जारी रहा, इसके बावजूद कांगड़ा जिला के प्रमुख शक्तिपीठों में देवी दर्शनों को पहुंचे श्रद्धालुओं का उत्साह कायम रहा। शुक्रवार सुबह से ही शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की कतारें लगना शुरू हो गई थी। जिले के श्री चामुंडा, बज्रेश्वरी मंदिर कांगड़ा तथा ज्वालाजी मंदिरों में चैत्र नवरात्रों के दूसरे दिन काफी तादाद में भक्त मां के दर्शनों को पहुंचे। दिन भर जारी रही बारिश के बावजूद भक्तों में उत्साह बना रहा। पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश भी भक्तों की आस्था को डिगा नहीं पाई और श्रद्धालु धैर्यपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
ज्वालाजी मंदिर के सुबह चार बजे कपाट खुलने के बाद से ही भक्तों का कतारों में लग कर दर्शन करने का क्रम शुरू हो गया जो सांय कालीन आरती तक जारी रहा। शक्तिपीठ बज्रेश्वरी में सुबह पांच बजे से भक्तों का मंदिर में पहुंचने का क्रम शुरू हो गया।
विशेष महत्व रखती है अखंड ज्योति : अवनींद्र शर्मा
श्री ज्वालामुखी मंदिर के पुजारी अवनींद्र शर्मा ने बताया कि दूसरे नवरात्रि पर पहले दिन के मुकाबले भीड़ कुछ कम रही, क्योंकि पहले दिन श्रद्धालु अखंड ज्योति जलाने के लिए अधिक संख्या में पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि यहां की अखंड ज्योति विशेष महत्व रखती है, जिसे कई श्रद्धालु अपने घर भी ले जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नवरात्रि के ये नौ दिन मौसम की दृष्टि से भी संतुलित रहते हैं और माता की कृपा से देश-विदेश से भक्त यहां पहुंचते हैं।
उन्होंने बताया कि ज्वालामुखी मंदिर हिमाचल का एकमात्र ऐसा शक्तिपीठ है, जहां किसी प्रकार की मूर्ति नहीं है, बल्कि प्राकृतिक रूप से प्रकट अखंड ज्योतियां ही मां के स्वरूप के रूप में पूजी जाती हैं। इसका उल्लेख महाभारत में भी मिलता है।
ज्वालामुखी मंदिर में हरियाणा से आई एक महिला श्रद्धालु प्रियंका ने बताया कि वे पूरे परिवार के साथ माता के दर्शन के लिए पहुंची हैं और सभी की मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना करती हैं। उन्होंने प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उत्तर प्रदेश से आए सतीश ने बताया कि वे अकेले ही दर्शन के लिए पहुंचे और उन्हें सुगमता से दर्शन हो गए। उन्होंने भी व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया।
श्री चामुंडा और श्री बज्रेश्वरी में जारी रहे अनुष्ठान
बज्रेश्वरी मंदिर कांगड़ा में श्रद्धालु बड़ी संख्या में दर्शन करने पहुंचे तथा इस बीच मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंजा रहा। श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम मंदिर में करीब 4500 भक्तों ने माथा टेका। मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम दिन भर जारी रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

