फार्मास्युटिकल नियमन में हिमाचल को सम्मान, ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन को मिला अप्रिशिएशन अवार्ड

WhatsApp Channel Join Now
फार्मास्युटिकल नियमन में हिमाचल को सम्मान, ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन को मिला अप्रिशिएशन अवार्ड


शिमला, 08 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन (डीसीए) को फार्मास्यूटिकल्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया (फार्मेक्सिल) की ओर से अप्रिशिएशन अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार सोमवार को नई दिल्ली में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित आईपीएचईएक्स-2026 के दौरान प्रदान किया गया।

यह सम्मान हिमाचल प्रदेश में दवा क्षेत्र में बेहतर नियामक व्यवस्था, उद्योगों को सुविधाएं देने और फार्मास्यूटिकल उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए डीसीए के प्रयासों के लिए दिया गया है। इस उपलब्धि को राज्य में फार्मास्यूटिकल उद्योग के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने डीसीए को इस सम्मान के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार राज्य सरकार की मजबूत नियामक व्यवस्था स्थापित करने और कारोबार में सुगमता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार हिमाचल प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी फार्मास्यूटिकल इकोसिस्टम विकसित करने के लिए काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने फार्मास्यूटिकल कारोबार में नैतिक मूल्यों से समझौता करने वालों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई है। उन्होंने कहा कि दवा उद्योग में गुणवत्ता और नियमन का विशेष महत्व है और सरकार इस क्षेत्र में तय मानकों को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि डीसीए को मिला यह सम्मान हिमाचल प्रदेश में नियामक उत्कृष्टता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे देश के साथ वैश्विक बाजारों की आवश्यकताओं को पूरा करने वाले एक विश्वसनीय फार्मास्यूटिकल हब के रूप में हिमाचल प्रदेश की स्थिति और मजबूत हुई है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने भी इस उपलब्धि पर डीसीए को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने प्रभावी औषधि नियमन सुनिश्चित करने के साथ फार्मास्यूटिकल उद्योग के विकास को सुगम बनाने में ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।

स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार ने इस सम्मान को हिमाचल प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक समर्पण, प्रतिबद्धता और व्यावसायिक दक्षता को समर्पित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story