फागू ईवीएम वेयरहाउस पहुंचे उपायुक्त अनुपम कश्यप, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
शिमला, 31 अगस्त (हि.स.)। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने सोमवार को फागू स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को देखा और वहां किए गए सुरक्षा इंतजामों की जांच की।
उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति देखी। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के साथ अग्निशमन उपकरणों और प्रवेश-निकास रजिस्टर की भी जांच की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए।
अनुपम कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्वाचन आयोग की ओर से जारी निर्देशों का गंभीरता से पालन करने को कहा।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम मशीनों की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। इसके लिए वेयरहाउस में सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजामों को निर्धारित नियमों के अनुसार बनाए रखना जरूरी है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखने और किसी भी तरह की कमी सामने आने पर उसे तुरंत दूर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न इंतजामों का जायजा लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

