पीएम विकसित भारत रोजगार योजना से खुले रोजगार के नए अवसर : सांसद सुरेश कश्यप

WhatsApp Channel Join Now
पीएम विकसित भारत रोजगार योजना से खुले रोजगार के नए अवसर : सांसद सुरेश कश्यप


शिमला, 19 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (पीएमवीबीआरवाई) युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करने में अहम भूमिका निभाएगी। यह बात शुक्रवार को शिमला में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सांसद सुरेश कश्यप ने कही।

उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य युवाओं को औपचारिक रोजगार व्यवस्था से जोड़ना और देश में रोजगार सृजन को बढ़ावा देना है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए और देशभर के लाभार्थियों को संबोधित किया। इस अवसर पर केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया और केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे भी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ीं।

सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि लगभग 99,446 करोड़ रुपये के परिव्यय वाली इस योजना का लक्ष्य देशभर में 3.5 करोड़ से अधिक रोजगार अवसर सृजित करना है। उन्होंने बताया कि करीब 1.92 करोड़ युवाओं को पहली बार औपचारिक रोजगार क्षेत्र में प्रवेश का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। देश में 1.8 लाख से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप काम कर रहे हैं, जिन्होंने लाखों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए हैं। स्टार्टअप इंडिया अभियान ने युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनने के लिए प्रेरित किया है।

कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हिमाचल प्रदेश के लाखों परिवारों तक पहुंचा है। आयुष्मान भारत योजना, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, जनधन योजना और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं ने लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं, किसानों, महिलाओं, श्रमिकों और उद्यमियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उनका कहना था कि विकसित भारत रोजगार योजना देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को और मजबूती देगी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story