पांवटा साहिब में कांग्रेस में बगावत, नए मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति पर भड़का विरोध

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 24 अप्रैल (हि.स.)। पांवटा साहिब में नए मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद कांग्रेस में बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोशल मीडिया पर चल रहा विरोध अब जमीनी स्तर पर भी खुलकर सामने आ गया है। शुक्रवार को पांवटा साहिब में विभिन्न पंचायतों से पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने एक बड़ी बैठक कर विरोध की चिंगारी को तेज कर दिया। यह बैठक पूर्व विधायक किरनेश जंग, वरिष्ठ नेता निशिकांत और अवनीत सिंह लांबा की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

बैठक में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर नए मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति का विरोध जताया और कांग्रेस की प्रदेश व केंद्र कार्यकारिणी को विरोध पत्र भेजने का फैसला लिया। कार्यकर्ताओं की मांग है कि तत्काल प्रभाव से वर्तमान मंडल अध्यक्ष को हटाकर किसी अन्य योग्य व्यक्ति को जिम्मेदारी सौंपी जाए।

मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व विधायक किरनेश जंग ने कहा कि नए मंडल अध्यक्ष को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति ने पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन किया था और अब हाल ही में कांग्रेस में शामिल होकर मंडल अध्यक्ष बना दिया गया, जो किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।

वहीं अवनीत सिंह लांबा ने भी साफ शब्दों में कहा कि यह विरोध अब एक बड़ी चिंगारी बन चुका है, जो आसानी से शांत नहीं होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व ने जल्द समाधान नहीं किया, तो आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story