नितिन नवीन उभरते युवा नेता, भाजपा को देंगे नई दिशा : सुरेश कश्यप

WhatsApp Channel Join Now
नितिन नवीन उभरते युवा नेता, भाजपा को देंगे नई दिशा : सुरेश कश्यप


शिमला, 20 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को बधाई देते हुए उन्हें भारतीय राजनीति का प्रभावशाली और ऊर्जावान युवा नेता बताया है। दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में नितिन नवीन से मुलाकात के दौरान सुरेश कश्यप ने कहा कि उनका आज निर्विरोध रूप से भाजपा का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना उनके राजनीतिक जीवन की बड़ी उपलब्धि है।

सुरेश कश्यप ने कहा कि केवल 45 वर्ष की उम्र में पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना नितिन नवीन की मजबूत संगठनात्मक क्षमता, राजनीतिक समझ और नेतृत्व कौशल को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2025 में नितिन नबीन को जेपी नड्डा के साथ पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 और लोकसभा चुनाव 2024 में प्रभारी के रूप में उनकी भूमिका भाजपा की चुनावी सफलता में अहम रही।

उन्होंने कहा कि नितिन नवीन का संगठन और प्रशासन दोनों क्षेत्रों में अनुभव रहा है। वे बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से वर्ष 2006 से 2025 तक लगातार पांच बार विधायक चुने गए। बिहार सरकार में उन्होंने सड़क निर्माण मंत्री, नगर विकास एवं आवास मंत्री तथा विधि मंत्री जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान सड़क नेटवर्क के विस्तार, शहरी विकास, आवास योजनाओं और कानूनी सुधारों के क्षेत्र में उनके काम को सराहा गया।

सुरेश कश्यप ने कहा कि पत्रकारों के लिए पेंशन योजना, आशा और ममता कार्यकर्ताओं के प्रोत्साहन भत्ते में बढ़ोतरी जैसे फैसले नितिन नबीन की संवेदनशील और जनहितैषी सोच को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करना नितिन नबीन की बड़ी ताकत है, जिससे पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी।

सुरेश कश्यप ने भरोसा जताया कि नितिन नवीन के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत होगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में पार्टी को नई गति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story