नाहन में मनरेगा बचाओ अभियान, कांग्रेस की सांकेतिक भूख हड़ताल

WhatsApp Channel Join Now
नाहन में मनरेगा बचाओ अभियान, कांग्रेस की सांकेतिक भूख हड़ताल


नाहन, 11 जनवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मनरेगा बचाओ अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी द्वारा लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को जिला मुख्यालय नाहन में यशवंत सिंह परमार चौक पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सांकेतिक भूख हड़ताल की गई। इस दौरान केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना में किए गए बदलावों के खिलाफ प्रदर्शन कर विरोध जताया गया।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मनरेगा को लेकर किए गए संशोधनों को मजदूर, किसान और आम लोगों के हितों के खिलाफ बताया। प्रदर्शन में पार्टी के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

मीडिया से बातचीत करते हुए स्थानीय कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि केंद्र सरकार मनरेगा योजना को कमजोर करने और धीरे-धीरे खत्म करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में कांग्रेस पार्टी देशभर में आंदोलन कर रही है और नाहन में भी सांकेतिक भूख हड़ताल उसी कड़ी का हिस्सा है। अजय सोलंकी ने कहा कि मजदूरों, किसानों और आम लोगों के खिलाफ नीतियों को कांग्रेस किसी भी सूरत में लागू नहीं होने देगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार ने मनरेगा योजना का नाम बदलकर उसमें ऐसे संशोधन किए हैं, जिनसे मजदूर वर्ग का शोषण बढ़ेगा। अजय सोलंकी ने कहा कि मनरेगा से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाया गया है और योजना में रोजगार की गारंटी को समाप्त करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। उनके अनुसार यह बदलाव ग्रामीण गरीबों और दिहाड़ी मजदूरों के हितों के खिलाफ हैं।

कांग्रेस विधायक ने कहा कि मनरेगा करोड़ों ग्रामीण परिवारों की आजीविका का सहारा रही है और इसमें किसी भी तरह की कटौती या बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा बचाने के लिए आगे भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी और केंद्र सरकार पर दबाव बनाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story