नाहन में धूमधाम से मनाई महर्षि वाल्मीकि जयंती, विधायक अजय सोलंकी ने किया शोभायात्रा का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
नाहन में धूमधाम से मनाई महर्षि वाल्मीकि जयंती, विधायक अजय सोलंकी ने किया शोभायात्रा का शुभारंभ


नाहन, 25 अक्टूबर (हि.स.)। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर नाहन के वाल्मीकि नगर में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने वाल्मीकि नगर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और शोभायात्रा का रिबन काटकर शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में महर्षि वाल्मीकि को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि सभी के लिए आदर्श हैं और उनकी शिक्षाएं समाज को सद्भाव, नैतिकता तथा मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण भगवान श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों का संदेश देती है। सभी को इन शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

पिछले दिनों वाल्मीकि समाज और सिख समुदाय के बीच हुई हिंसक घटनाओं के मद्देनजर प्रशासन ने शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए थे। इस बीच सिख समुदाय के लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया और आपसी मतभेद भुलाकर इसमें सहभागिता निभाई। इस पहल को सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

शोभायात्रा के आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने महर्षि वाल्मीकि के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। कार्यक्रम ने समाज में एकता, शांति और परस्पर सम्मान का संदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766756 Articles

Share this story