त्रिलोकपुर में अश्विन नवरात्रि मेला 11 से 26 अक्तूबर तक
नाहन, 08 सितंबर (हि.स.)। उपायुक्त सिरमौर एवं श्री महामाया बालासुंदरी जी त्रिलोकपुर अश्विन नवरात्रि मेला समिति की अध्यक्ष प्रियंका वर्मा ने आज विधायक नाहन अजय सोलंकी की उपस्थिति में मेले के सफल आयोजन को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बताया कि श्री महामाया बालासुंदरी जी त्रिलोकपुर अश्विन नवरात्रि मेला 11 अक्तूबर से 26 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा।
उपायुक्त ने मेले के सुचारू संचालन के लिए उपमंडलाधिकारी नाहन को मुख्य मेला अधिकारी, तहसीलदार नाहन को मेला अधिकारी तथा एएसपी नाहन को मेला पुलिस अधिकारी नियुक्त किया। इसके अतिरिक्त मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में विभाजित कर राजस्व अधिकारियों को अस्थायी आधार पर मेला ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मेले के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को मेला अवधि के दौरान पर्याप्त संख्या में खाद्य निरीक्षक तैनात करने तथा मेला क्षेत्र में खान-पान सामग्री के स्टॉलों का नियमित एवं निरंतर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने फल विक्रेताओं, दुग्ध विक्रेताओं तथा मिठाई एवं प्रसाद की गुणवत्ता की भी नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को मेला क्षेत्र में स्टाफ सहित एम्बुलेंस वाहन तैनात करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मेले के दौरान आपातकालीन दवाइयों सहित दो प्राथमिक चिकित्सा बूथ स्थापित किए जाएंगे।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, कानून एवं व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल आपूर्ति, वाहन पार्किंग, अग्निशमन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने भंडारा व्यवस्था तथा मेले के दौरान किराए में संभावित वृद्धि से संबंधित विषयों पर भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि अश्विन नवरात्रि मेला श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

