ठियोग में सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
ठियोग में सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत


शिमला, 02 नवंबर (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक का शव धरमपुर-शोपर सड़क पर धरमपुर से शोपर की ओर करीब 300 मीटर आगे मिला। घटनास्थल पर उसके वाहन की नंबर प्लेट भी बरामद हुई है। पुलिस ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हादसा होने की आशंका जताई है।

पुलिस के अनुसार हादसा रविवार की रात करीब नौ बजे हुआ। धरमपुर-शोपर सड़क पर दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर गांव के कई लोग एकत्र हो गए। वहां भदेच गांव निवासी भूपेन्द्र कुमार पुत्र मनोहर लाल मृत अवस्था में पाया गया। वह डाकघर धरमपुर (मधान) तहसील ठियोग जिला शिमला का निवासी था।

घटनास्थल पर मृतक के वाहन की नंबर प्लेट HP09C-8948 भी मिली है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना पाया है। हालांकि दुर्घटना किस तरह हुई और इसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं, इसकी जांच की जा रही है।

इस मामले में योगेन्द्र सिंह चंदेल पुत्र रूप सिंह निवासी भलेवट डाकघर धरमपुर (मधान) तहसील ठियोग के बयान पर थाना ठियोग में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770848 Articles

Share this story