कोटखाई में शिक्षा ढांचे पर 100 करोड़ खर्च : रोहित ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
कोटखाई में शिक्षा ढांचे पर 100 करोड़ खर्च : रोहित ठाकुर


शिमला, 25 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी और रोजगार से जुड़ी शिक्षा के अवसर बढ़ाने के लिए कोटखाई क्षेत्र में करीब 100 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बुधवार को प्रगति नगर में 10.62 करोड़ रुपये से बने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भवन और 1.04 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल योजना का उद्घाटन किया। सरकार का दावा है कि नए पाठ्यक्रमों और सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ी है।

अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एबीवीजीआईईटी) में शिक्षा मंत्री ने बताया कि वर्ष 2022 में संस्थान के तीनों विंग में करीब 950 विद्यार्थी थे। अब यह संख्या बढ़कर 1500 से अधिक हो गई है। संस्थान में मैकेनिक इलेक्ट्रिकल व्हीकल, सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक और डिप्लोमा जैसे पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। वर्ष 2023 में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन का डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी दोबारा शुरू किया गया।

संस्थान में नवंबर 2023 में 26 करोड़ रुपये से बने बीटेक भवन और 1.60 करोड़ रुपये के ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया गया था। करीब 45 करोड़ रुपये के पॉलिटेक्निक भवन का शिलान्यास भी हुआ था। वर्ष 2024 में 40 लाख रुपये से खेल परिसर और 1.50 करोड़ रुपये से मुख्य द्वार व परिसर का विकास किया गया। अब करीब 8.50 करोड़ रुपये से बालक छात्रावास और आठ करोड़ रुपये से आवासीय भवन बनाने की योजना है। मंत्री ने छात्रावास और आवासीय कॉलोनी का निर्माण 31 मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए।

केंद्रीय विद्यालय की निविदा प्रक्रिया दिसंबर में

रोहित ठाकुर ने बताया कि कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की दिशा में भी काम आगे बढ़ रहा है। इसके लिए तकनीकी निविदा एक दिसंबर और वित्तीय निविदा संभावित रूप से 15 दिसंबर को खोली जाएगी। दिसंबर में प्रधानमंत्री के वर्चुअल माध्यम से इसका शिलान्यास करने की संभावना भी है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के पांच उच्च विद्यालयों के भवन निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध करवाई गई है। डीएवी कॉलेज कोटखाई में 25 वर्ष बाद आठ पद स्वीकृत किए गए हैं। इनमें एक प्रधानाचार्य और सात शिक्षकों के पद हैं।

गुम्मा स्कूल को सीबीएसई से जोड़ने पर विचार

शिक्षा मंत्री ने कहा कि गुम्मा विद्यालय को सीबीएसई से जोड़ने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। भवन और अन्य जरूरी सुविधाओं की कमी के कारण इस दिशा में अपेक्षित प्रगति नहीं हो पाई है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इस पर आगे विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला का निर्माणाधीन भवन अगले पांच से छह महीने में पूरा करने का प्रयास है। पिछले चार वर्षों में इस विद्यालय के विकास कार्यों पर 85 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783090 Articles

Share this story