कैंसर अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री का औचक निरीक्षण, मरीजों से संवाद कर परखी स्वास्थ्य सुविधाएं
शिमला, 19 जून (हि.स.)। स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल ने शुक्रवार को शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) के कैंसर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कैंसर वार्ड का दौरा कर वहां भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत की तथा अस्पताल में उपलब्ध उपचार और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने मरीजों से इलाज, दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं और अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में भर्ती कई मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैंसर रोगियों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल ने कहा कि आईजीएमसी में कैंसर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में अब ऐसी कई सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनकी तुलना देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में शुमार पीजीआई से की जा सकती है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं पर संतोष भी व्यक्त किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कैंसर के मामलों में लगातार बढ़ोतरी चिंता का विषय है। ऐसे में सरकार का प्रयास है कि राज्य के लोगों को उपचार के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े और उन्हें अपने ही राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि कैंसर उपचार से जुड़ी व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार गंभीरता से काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि कैंसर वार्ड की क्षमता बढ़ाने, आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने जैसे विषयों पर भी विचार किया जा रहा है। इसके अलावा मरीजों को समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
धनी राम शांडिल ने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ भी चर्चा की जाएगी। सरकार का लक्ष्य है कि आईजीएमसी सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में भी कैंसर रोगियों के लिए उपचार सुविधाओं का और विस्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और स्वास्थ्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

