ऑरेंज अलर्ट के चलते नाहन उपमंडल के सभी शिक्षण संस्थान 29 जुलाई को रहेंगे बंद

WhatsApp Channel Join Now
ऑरेंज अलर्ट के चलते नाहन उपमंडल के सभी शिक्षण संस्थान 29 जुलाई को रहेंगे बंद


नाहन, 28 जुलाई (हि.स.)। मौसम विज्ञान विभाग शिमला द्वारा जिला सिरमौर के लिए 28 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अत्यधिक भारी वर्षा, आंधी-तूफान, बिजली गिरने, फ्लैश फ्लड, भूस्खलन तथा अन्य मौसम संबंधी घटनाओं की संभावना व्यक्त की गई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए उपमंडलाधिकारी (नागरिक) नाहन राजीव कुमार ने जनहित एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेशों के अनुसार नाहन उपमंडल के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी एवं निजी विद्यालय, महाविद्यालय, आईटीआई तथा आंगनवाड़ी केंद्र 29 जुलाई (बुधवार) को बंद रहेंगे। हालांकि, पूर्व निर्धारित परीक्षाएं अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी।

उपमंडलाधिकारी (नागरिक) ने सभी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं हितों की रक्षा की जा सके।

शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों की उपस्थिति तथा ड्यूटी के संबंध में हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा समय-समय पर जारी निर्देश एवं आदेश यथावत लागू रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story