एचपीवी वैक्सीनेशन की शत-प्रतिशत कवरेज के लिए स्वयं फील्ड में उतरीं डीसी
हमीरपुर, 23 मई (हि.स.)। सर्विकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) से बचाव हेतु आरंभ किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत जिला में 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की सभी लड़कियों का टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ भी स्वयं फील्ड में उतर गई हैं। एचपीवी वैक्सीन के प्रति आम महिलाओं एवं लड़कियों को जागरुक करने के लिए उपायुक्त ने शनिवार दोपहर बाद स्वास्थ्य खंड गलोड़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत पनसाई के गांव बेहा का दौरा किया।
स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बेहा पहुंची उपायुक्त ने गांव की महिलाओं से एचपीवी वैक्सीनेशन और कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। उपायुक्त ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन का टीका लड़कियों को जिंदगी भर सर्विकल कैंसर जैसे जानलेवा रोग से बचा सकता है। 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की सभी लड़कियों को यह टीका लगाना चाहिए। अगर 30 मई तक ये लड़कियां एचपीवी का टीका नहीं लगवाती हैं तो उन्हें शायद इसका दोबारा मौका नहीं मिल पाएगा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने बताया कि जिला हमीरपुर में इस आयु वर्ग की लगभग 2967 लड़कियों को यह टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभी तक जिला में 1279 लड़कियां यह टीका लगवा चुकी हैं। इस मौके पर बीएमओ डॉ. कौंडल, डॉ. किरण कौशल और स्वास्थ्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

