उद्योग मंत्री ने धारवा में स्कूल के कमरों का लोकार्पण और संपर्क मार्ग का किया शिलान्यास
नाहन, 13 सितंबर (हि.स.)। शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास कार्यक्रम के दौरान उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज ग्राम पंचायत धारवा में राजकीय प्राथमिक पाठशाला के लिए 14 लाख 50 हजार रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण किया।इससे पूर्व उन्होंने धारवा-बडालानी संपर्क मार्ग के प्रथम चरण के सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया। प्रथम चरण में इस सड़क के सुदृढ़ीकरण कार्य पर 15 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी।
जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि धारवा-बडालानी संपर्क मार्ग के निर्माण उपरांत इस क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी, वहीं इन कमरों के माध्यम से विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम की शुरुआत की गई है तथा शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रदेश के 150 सरकारी विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित कर रही है। जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त शिक्षा उपलब्ध होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

