हिसार : मुख्यमंत्री करेंगे कृषि मेले का शुभारंभ, निषेधाज्ञा लागू

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : मुख्यमंत्री करेंगे कृषि मेले का शुभारंभ, निषेधाज्ञा लागू


हिसार, 22 मार्च (हि.स.)। राज्य के मुख्यमंत्री

नायब सिंह सैनी सोमवार को हिसार दौरे पर रहेंगे। वे यहां हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय

में आयोजित किसान मेले का मुख्य अतिथि के तौर पर शुभारंभ करेंगे। राज्य के कृषि एवं

किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि होंगे।

हकृवि कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज के अनुसार मेले

की तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी किसान

मेले में हर जिले से दो प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करेंगे।

उधर, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए

जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किया है। जिलाधीश महेन्द्र पाल ने रविवार काे भारतीय

नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए सभी कार्यक्रम

स्थलों को ड्रोन नियम 2025 के तहत रेड जोन घोषित कर दिया है। वीवीआईपी सुरक्षा को ध्यान

में रखते हुए प्रशासन ने जिले में विशेष प्रतिबंध लागू किए हैं।वीवीआईपी मार्ग और कार्यक्रम

स्थलों के आसपास ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। वीआईपी मार्ग और कार्यक्रम

स्थलों के 75 मीटर दायरे में सड़क किनारे किसी भी प्रकार का वाहन खड़ा करने की अनुमति

नहीं होगी। इनके अतिरिक्त कार्यक्रम स्थलों के दो किलोमीटर क्षेत्र में लाठी, डंडा,

तलवार, गंडासी व आग्नेय सहित किसी भी प्रकार के हथियार लेकर चलने पर रोक रहेगी। खुले

में पेट्रोल या डीजल की बोतल/केन लेकर चलने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। जिलाधीश महेंद्र

पाल ने स्पष्ट किया है कि आदेशों की अवहेलना करने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भारतीय

नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश 23 मार्च

को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान प्रभावी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story