हिसार : महिला की हत्या के आरोप में सेना का अर्दली गिरफ्तार, दो दिन के रिमांड पर

WhatsApp Channel Join Now

चार दिन पहले पुलिस ने दर्ज की थी गुमशुदगी की

रिपोर्ट

हिसार, 16 मार्च (हि.स.)। पुलिस ने सदर क्षेत्र

में हुई 37 वर्षीय महिला की हत्या के आरोप में सेना के एक अर्दली को गिरफ्तार किया

है। पकड़े गए अर्दली की पहचान छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के निवासी बालेश्वर कुन्जूर

के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस

रिमांड पर भेज दिया गया।

रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर

ले जाकर सीन रीक्रिएट करवाएगी। इस प्रक्रिया से मामले से जुड़ी अहम जानकारियां जुटाने

का प्रयास किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, मृतका के पति ने पहले उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट

दर्ज करवाई थी। जांच के दौरान हत्या के साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने मामले में हत्या

की धाराएं जोड़ दी हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने महिला के हाथ बांधकर

उसे अपने क्वार्टर के पीछे पार्क के पास झाड़ियों में जमीन में दबा दिया था। महिला

के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। परिजनों ने मामले में दुष्कर्म की आशंका भी

जताई है, जिसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

मृतका के भाई ने बताया कि उसकी बहन की शादी करीब

सात साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। वह पिछले चार वर्षों से सदर क्षेत्र की

एक कॉलोनी में काम कर रही थी। मृतका के पति ने रेप के बाद हत्या की आशंका जताई

है। पति के अनुसार उसकी पत्नी एक घर में सफाई और खाना बनाने का काम करती थी। शिकायत

के अनुसार घटना वाले दिन सुबह 9 बजे काम पर जाने के बाद वह घर लौटी थी, लेकिन दोपहर

करीब 12 बजे उसे खाना लेकर आने के बहाने बुलाया गया, जिसके बाद वह वापस नहीं आई। काफी

तलाश के बाद 12 मार्च को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। मृतका के पति ने बताया कि देर शाम सूचना मिली

कि शव बरामद हुआ है। पत्नी का चेहरा बुरी तरह जख्मी था और उसे बैग में डालकर दबा दिया

गया था। पुलिस कुछ संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी

है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story