हिसार : बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत : डॉ. आशा खेदड़

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत : डॉ. आशा खेदड़


जगन्नाथ शक्ति केंद्र की टिफिन बैठक में कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश

तीन बूथों को शामिल कर श्री बालाजी शक्ति केंद्र का किया गठन

हिसार, 21 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के हिसार विधानसभा क्षेत्र

के जगन्नाथ शक्ति केंद्र की टिफिन बैठक नई मंडी स्थित पार्टी के वरिष्ठ नेता साधुराम

बंसल एवं बूथ अध्यक्ष दीपक बंसल के प्रतिष्ठान पर हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला

अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने की। इसमें शक्ति केंद्र के बूथ अध्यक्षों, पालकों और अपेक्षित

कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने आपसी आत्मीयता के साथ टिफिन

साझा कर भोजन किया। इस अवसर पर शक्ति केंद्र की कार्यकारिणी ने डॉ. आशा खेदड़ को शॉल

ओढ़ाकर सम्मानित किया।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. आशा खेदड़ ने बुधवार काे कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं

के बीच आत्मीयता, अपनत्व और पारिवारिक भावना संगठन की महत्वपूर्ण विशेषता है। टिफिन

बैठकों का उद्देश्य इसी भावना को मजबूत करने के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना

है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर का कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और भाजपा

का संगठनात्मक ढांचा पन्ना इकाई तक मजबूत है। संगठन की मजबूती बनाए रखने के लिए प्रत्येक

कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी चाहिए।

डॉ. आशा खेदड़ ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सभी बूथ

अध्यक्षों को अपने-अपने बूथ की कार्यकारिणी की सूची जल्द तैयार कर ऑनलाइन अपलोड करने

के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों

का प्रचार-प्रसार करने और संगठन के विस्तार के लिए सक्रियता से कार्य करने का आह्वान

किया। उन्होंने लोकतंत्र बचाने और भीड़ भगाने के संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक

गतिविधियों में जुटने की बात कही।

बैठक में जगन्नाथ शक्ति केंद्र के विस्तृत क्षेत्र को देखते हुए नया श्री बालाजी

शक्ति केंद्र गठित करने का निर्णय लिया गया। इसमें बूथ नंबर 10, 11 और 12 को शामिल

किया गया। नए शक्ति केंद्र के पालक की जिम्मेदारी धर्म सिंह खटकड़, प्रमुख की जिम्मेदारी

धर्मवीर पानू और सह प्रमुख की जिम्मेदारी बलविंदर सिंह को सौंपने का निर्णय लिया गया।

इस गठन का उद्देश्य क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी

बनाना है।

इस अवसर पर पीयूष मेहता, धर्मवीर पानू, सुरेश गोयल धूप वाला, साधुराम बंसल,

छबीलदास केडिया, कृष्ण बिश्नोई, धर्म सिंह खटकड़, बलबीर भूम्बक, दीपक बंसल, दीनदयाल

गोरखपुरिया, प्रवीण नारंग, धर्मेंद्र मलिक, ओमप्रकाश गोयल और सूरज गोयल सहित अनेक भाजपा

कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764437 Articles

Share this story