हिसार : ट्रांसफार्मर पर काम करते समय करंट लगने से असिस्टेंट लाइनमैन की मौत, एचकेआरएन कर्मचारी घायल

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : ट्रांसफार्मर पर काम करते समय करंट लगने से असिस्टेंट लाइनमैन की मौत, एचकेआरएन कर्मचारी घायल


मृतक के भाई ने कहा- विभाग की कोई गलती नहीं

सप्लाई बंद थी, बैक करंट की आशंका : एसडीओ

हिसार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव रावलवास कलां में ट्रांसफार्मर पर

बिजली लाइन का काम करते समय करंट लगने से असिस्टेंट लाइनमैन सीसवाला निवासी सुरेंद्र

की मौत हो गई, जबकि उसके साथ काम कर रहा एचकेआरएन कर्मचारी संदीप घायल हो गया। घायल

संदीप का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार काे रावलवास कलां गांव में ट्रांसफार्मर पर मरम्मत का काम चल

रहा था। इसी दौरान सुरेंद्र और एचकेआरएन कर्मचारी संदीप को अचानक बिजली का झटका लगा।

करंट लगने से सुरेंद्र मौके पर ही बेहोश हो गया। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले

जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में संदीप भी घायल हो गया,

जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस को दिए बयान में मृतक सुरेंद्र के बड़े भाई अनिल कुमार ने बताया कि उसके

भाई की सरकारी कार्य के दौरान ट्रांसफार्मर ठीक करते समय मौत हुई है। उन्होंने कहा

कि इस घटना में बिजली विभाग की कोई गलती नहीं है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर

मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों के अनुसार शुक्रवार सुबह सीसवाला गांव में सुरेंद्र

का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

बिजली सप्लाई बंद थी, बैक करंट से हादसे की आशंका : एसडीओ

बिजली निगम के एसडीओ धर्मवीर फगेड़िया ने बताया कि घटना के समय बिजली की सप्लाई

बंद थी। उन्होंने आशंका जताई कि इन्वर्टर या सोलर से आए बैक करंट के कारण हादसा हुआ

हो सकता है। उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर से जुड़े सभी सोलर और इन्वर्टर कनेक्शनों

की जांच करवाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story