हिसार : एचएयू छात्रों को नशा सप्लाई करने वाले का खुलासा
नशा तस्करी से जुड़े लोगों के संपर्क में था
राहुल
अदालत ने दो दिन के रिमांड पर भेजा, पुलिस करेगी
पूछताछ
हिसार, 27 फरवरी (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय
के विद्यार्थियों को नशा सप्लाई करने के मामले में पकड़े गए युवक से पूछताछ में अहम
व चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने स्वीकारा है
कि वह नशा तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संपर्क में था। अब पुलिस अपनी जांच का
दायरा बढ़ाएगी। सूत्रों का कहना है कि यदि पुलिस गहराई से जांच करे तो न केवल गिरोह
से जुड़े अन्य सदस्य पकड़ में आ सकते हैं बल्कि यह भी पता लग सकता है कि कितने विद्यार्थी
इससे नशा खरीद रहे थे।
पुलिस ने हकृवि विद्यार्थियों को नशा सप्लाई
करने के आरोप में पकड़े गए भिवानी जिले के रोढ़ां गांव निवासी राहुल को शुक्रवार काे अदालत में पेश
किया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी
से गहनता से पूछताछ की जाएगा। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नशा तस्करी
से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संपर्क में था। उसके इस खुलासे के बाद पुलिस टीम उन अन्य
नशा तस्करों की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है, जो विश्वविद्यालय क्षेत्र
में छात्रों को नशीले पदार्थ सप्लाई करने के कार्य में संलिप्त हैं।
हेरोइन सहित पकड़ा था आरोपी
ज्ञात रहे कि पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी
इन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने हकृवि के अरावली हॉस्टल में रह रहे भिवानी जिले
के रोढ़ां निवासी राहुल को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी राहुल
पीरांवाली गांव से नशीला पदार्थ हेरोइन लाकर यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों को बेचता
था। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर काबू कर उसके कब्जे से 8 ग्राम 540 मिलीग्राम
हेरोइन बरामद की थी।
पुलिस चला रही अभियान
उधर, पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के विरुद्ध
अभियान लगातार जारी है। इसके तहत विद्यार्थियों सहित युवाओं व आम नागरिकों को नशे न
करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। पुलिस ने चेताया है कि किसी भी स्तर पर नशा तस्करी
में संलिप्त पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

