हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र 26 को

WhatsApp Channel Join Now

-कांग्रेस व भाजपा ने 25 को बुलाई विधायक दल की बैठक

चंडीगढ़, 23 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र 26 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। सत्र को लेकर जहां विधानसभा सचिवालय द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है वहीं सरकार और विपक्ष ने सत्र से एक दिन पहले 25 नवंबर को विधायक दल की बैठक बुला ली है।

संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाला यह विशेष सत्र भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक होगा। संविधान दिवस को समर्पित इस विशेष सत्र को एक से दो दिन तक बढ़ाकर शीतकालीन सत्र में भी बदला जा सकता है। इस संबंध में अंतिम निर्णय विधानसभा की कार्ययोजना और संबंधित स्तर पर होने वाली चर्चा के बाद लिया जाएगा। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को संविधान देश में लागू हुआ और भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना। वर्ष 2015 से 26 नवंबर को देशभर में संविधान दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।

सत्र को लेकर सत्ताधारी भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा व कांग्रेस ने 25 नवंबर को चंडीगढ़ में विधायक दल की बैठक बुलाई है। इन बैठकों में विधानसभा के भीतर उठाए जाने वाले मुद्दों और सदन की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक में सरकार के दो साल के कामकाज और विकास कार्यों की समीक्षा होगी। इसके अलावा कानून-व्यवस्था, किसानों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। वहीं, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। इसमें सरकार को सदन में घेरने और विपक्ष की रणनीति तैयार करने पर मंथन किया जाएगा।

विधानसभा का घेराव करेंगे एक्सटेंशन लेक्चरर्स

विधानसभा के विशेष सत्र के दिन ही प्रदेश के एक्सटेंशन लेक्चरर्स ने अपनी मांगों को लेकर विधानसभा का घेराव करने की तैयारी की है। इससे पहले 24 नवंबर को पंचकूला में प्रदर्शन किया जाएगा। एक्सटेंशन लेक्चरर्स वेलफेयर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर सिंह के अनुसार, करीब 2 हजार लेक्चरर्स नौकरी की सुरक्षा और नियमित करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781886 Articles

Share this story