हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 27 अगस्त से

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 18 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 27 अगस्त से शुरू होगा। इसे लेकर मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी गई है। बीती 13 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधानसभा सत्र के आयोजन का निर्णय लिया गया था। इसके बाद सरकार की तरफ से राज्यपाल के पास सत्र के आयोजन का प्रस्ताव भेजा गया। राज्यपाल की मंजूरी के बाद विधानसभा की तरफ से आज इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।

27 अगस्त को गुरुवार है। पहले दिन की कार्यवाही के बाद सदन को स्थगित कर दिया जाएगा। इसके बाद 28 अगस्त को रक्षा बंधन है। 29 व 30 अगस्त को शनिवार व रविवार के चलते अवकाश होगा। माना जा रहा है। 27 के बाद सदन की कार्यवाही 31 अगस्त सोमवार को शुरू होगी। एक सितंबर को सदन की कार्यवाही का अंतिम दिन हो सकता है। इस ड्राफ्ट पर बिजनेस सलाहकार समिति की बैठक में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

इस बीच राजनीतिक दलों ने भी सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। विपक्षी दल कांग्रेस ने 20 अगस्त को चंडीगढ़ में विधायक दल की बैठक बुला ली है। कांग्रेस पहले से ही सरकार के खिलाफ व्हाइट पेपर लाने की तैयारी कर रही है। माना जा रहा है कि सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विभिन्न मुद्दों पर श्वेत पत्र जारी कर सकती है और सदन के भीतर इन्हीं मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा जा सकता है। कांग्रेस इस सत्र के दौरान हरियाणा कौशल रोजगार निगम का मुद्दा जोर शोर से उठाएगी। इस बीच इनेलो ने कर्मचारियों तथा कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव देने की तैयारी कर ली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story