हरियाणा के अनुबंध कर्मचारी 30 नवंबर तक कर सकेंगे सेवा सुरक्षा आवेदन

WhatsApp Channel Join Now


चंडीगढ़, 14 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए हरियाणा अनुबंध कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 और नियम, 2025 के तहत पोर्टल पर पंजीकरण और दस्तावेजों की जांच की समय सीमा बढ़ा दी है। अब पात्र अनुबंध कर्मचारी 30 नवंबर 2026 तक सरकारी पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकेंगे। इस संबंध में आज पत्र जारी कर दिया गया है। सरकार ने यह फैसला कर्मचारियों के रिकॉर्ड की जांच और प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय देने के उद्देश्य से लिया है।

मानव संसाधन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, पात्र अनुबंध कर्मचारियों को वेबसाइट पर पंजीकरण करना होगा। इसके बाद संबंधित आहरण एवं वितरण अधिकारी (डीडीओ) 15 दिसंबर 2026 तक कर्मचारियों के दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच करेंगे। वहीं, विभागाध्यक्षों (एचओडी) को डीडीओ से प्राप्त आवेदनों की जांच और सत्यापन का काम 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करना होगा।

सरकार ने सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, बोर्ड-निगमों के प्रबंध निदेशकों, मंडलायुक्तों और जिला उपायुक्तों को इन आदेशों की जानकारी देते हुए तय समय सीमा में प्रक्रिया पूरी करवाने के निर्देश दिए हैं। मानव संसाधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित अधिकारी समयबद्ध तरीके से इस काम को पूरा करना सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777159 Articles

Share this story