हरियाणा के 22 पर्यटक स्थलाें पर मनाया जाएगा पांच दिवसीय रंगोत्सव: अरविंद शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा के 22 पर्यटक स्थलाें पर मनाया जाएगा पांच दिवसीय रंगोत्सव: अरविंद शर्मा


कैबिनेट मंत्री ने लांच किया पोस्टर, क्यूआर कोड से मिलेगी जानकारी

सूरजकुंड, दिवाली मेला, मैंगो मेले के बाद होली पर नई पहल

चंडीगढ़, 26 फ़रवरी (हि.स.)। प्रदेश में पहली बार पर्यटन विभाग के टूरिस्ट काम्प्लेक्स होली के रंगों में सराबोर होंगे और आमजन, परिवार, कॉरपोरेट, आरडब्ल्यूए, एसोसिएशन इसका आनंद उठा सकेंगे। विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने हरियाणा पर्यटन निगम द्वारा 28 फरवरी से प्रारंभ हो रहे पांच दिवसीय रंगोत्सव 2026 को लांच करते हुए कहा गया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पर्यटन विभाग निरंतर आमजन को जोडऩे के लिए नई पहलें कर रहा है।

गुरुवार को चंडीगढ़ में पर्यटन मंत्री डॉ.अरविंद शर्मा ने हरियाणा सिविल सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में हरियाणा पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक पार्थ गुप्ता व महाप्रबंधक ममता शर्मा की मौजूदगी में रंगोत्सव 2026 के पोस्टर को लांच किया। उन्होंने कहा कि 28 फरवरी से 4 मार्च तक हरियाणा पर्यटन निगम प्रदेश में 22 टूरिस्ट काम्प्लेक्सों पर होली कार्यक्रमों का आयोजन करेगा। उन्होंने बताया कि गुरूग्राम, फरीदाबाद, गुरुग्राम, करनाल, रोहतक और पंचकूला जोन के टूरिस्ट काम्प्लेक्सों में आयोजन की तैयारी कर ली गई हैं।

अरविंद शर्मा ने बताया कि रंगोत्सव 2026 में प्रतिदिन डीजे, हरियाणवी कलाकारों की प्रस्तुति, रेन डांस जोन, आर्गेनिक कलर जोन, किड्स प्ले जोन, पारंपरिक होली पर लोक कला अनुसार फाग व रागनी का भी आयोजन होगा। पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पर्यटन विभाग द्वारा सूरजकुंड में अंतरराष्ट्रीय शिल्प महोत्सव, दीवाली मेला, पिंजौर में मैंगो मेला और बैसाखी मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस बार होली पर कार्यक्रमों की श्रृंखला तैयार की गई है, ताकि आमजन इन आयोजनों में संगीत, नृत्य और खान-पान का लुत्फ उठा सकें। इस अवसर पर हरियाणा पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक पार्थ गुप्ता ने बताया कि सूरजकुंड टूरिस्ट काम्प्लेक्स, बडख़ल लेक मोटल, अरावली गोल्फ कोर्स, मैगपाई टूरिस्ट काम्प्लेक्स, राजा नाहर सिंह टूरिस्ट काम्प्लेक्स, बारबेट टूरिस्ट काम्प्लेक्स सोहना, सरस टूरिस्ट काम्प्लेक्स दमदमा समेत प्रदेश के 22 स्थानों पर यह आयोजन होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story