स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए जारी की एडवाइजरी

WhatsApp Channel Join Now

-बुखार, खांसी या छींक जैसे लक्षण हों तो सार्वजनिक स्थानों से दूरी बनाए रखें

चंडीगढ़, 19 अगस्त (हि.स.)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा बदलते मौसम के चलते स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए आमजन को सावधानी बरतने की सलाह दी है और इसके बचाव के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है और नागरिकों को आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने बुधवार को इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सांस लेने में परेशानी, सिरदर्द, शरीर व जोड़ों में दर्द, कमजोरी एवं भूख कम लगना, जी मिचलाना, उल्टी तथा दस्त शामिल हैं। बुखार, खांसी या छींक जैसे लक्षण हों तो सार्वजनिक स्थानों से दूरी बनाए रखें, ताकि संक्रमण फैलने का खतरा कम किया जा सके। संक्रमण से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

उन्होंने बताया कि नागरिकों से अपील की गई है कि खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को रूमाल से ढकें। हाथों को बार-बार साबुन और पानी से धोएं। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने के साथ पौष्टिक भोजन लें। पर्याप्त नींद लें एवं आराम करें। यदि बुखार, खांसी या छींक जैसे लक्षण हों तो सार्वजनिक स्थानों से दूरी बनाए रखें, ताकि संक्रमण फैलने का खतरा कम किया जा सके।

प्रवक्ता ने बताया कि विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार स्वाईन फ्लू से बचाव को लेकर लोगों को हाथ मिलाने अथवा अन्य संपर्क वाले अभिवादन से बचने, सार्वजनिक स्थानों पर न थूकने तथा बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाइयां न लेने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि स्वाइन फ्लू से संबंधित लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story