सोनीपत:किसानों ने फ्री ट्रेड समझौते व चढ़ूनी की गिरफ्तारी के विरोध में किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत:किसानों ने फ्री ट्रेड समझौते व चढ़ूनी की गिरफ्तारी के विरोध में किया प्रदर्शन


सोनीपत, 21 जुलाई (हि.स.)। अमेरिका-भारत

मुक्त व्यापार समझौते के विरोध और किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी की गिरफ्तारी के खिलाफ

मंगलवार को किसानों ने सोनीपत में प्रदर्शन किया। दिल्ली प्रदर्शन में शामिल

होने के लिए हरियाणा सहित देश के विभिन्न राज्यों से किसान सोमवार रात से ही दिल्ली

के किसान घाट की ओर रवाना होने लगे। सोनीपत जिले में भी आंदोलन को लेकर देर रात से

हलचल तेज रही और कई किसान नेता अपने घरों से निकलकर दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

किसान

संगठनों का आरोप है कि प्रदर्शन से पहले पुलिस कई नेताओं को हिरासत में लेने का प्रयास

कर रही थी। इसी आशंका के चलते अनेक किसान नेताओं ने पहले ही अपने घर छोड़ दिए और सीधे

दिल्ली के लिए रवाना हो गए। दूसरी ओर, दिल्ली से लगते हरियाणा के सीमावर्ती क्षेत्रों

में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सीमा पर वाहनों की सघन जांच की जा रही

है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

किसान

संगठनों का कहना है कि अमेरिका-भारत मुक्त व्यापार समझौते से भारतीय कृषि क्षेत्र पर

प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उनका आरोप है कि इस समझौते से विदेशी कंपनियों का प्रभाव

बढ़ेगा, जिससे किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिलने में कठिनाई होगी। साथ ही संगठन

गुरनाम सिंह चढ़ूनी की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए उनकी तत्काल रिहाई की मांग कर रहे

हैं।

दिल्ली

में होने वाले प्रदर्शन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। किसान संगठनों ने बड़ी

संख्या में किसानों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। वहीं पुलिस और प्रशासन

सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें दिल्ली

में होने वाले इस प्रदर्शन और उसके परिणामों पर टिकी हुई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Share this story