सोनीपत: सीआईएसएफ जवान के घर से सात लाख नकदी व लाखों के जेवर चोरी

WhatsApp Channel Join Now

सोनीपत, 15 सितंबर (हि.स.)। सोनीपत

के गांव भटाना जाफराबाद में सोमवार की आधी रात चोर सीआईएसएफ जवान के घर से सात लाख

रुपये नकद और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। परिवार के सदस्य

अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। चोर मकान के पीछे लगी सीढ़ी से छत पर पहुंचे और जीने

के रास्ते पिछले हिस्से में बने स्टोर में दाखिल हुए। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर

वारदात को अंजाम दिया।

गांव

निवासी सुभाष ने मोहाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आधी रात के बाद परिवार

के सदस्य घर में सो रहे थे। वह आगे वाले कमरे में, जबकि उनका बेटा और पुत्रवधू साइड

वाले कमरे में सो रहे थे। सुबह उठने पर स्टोर में रखी अलमारी का ताला टूटा मिला। सामान

जांचने पर चोरी का पता चला।

शिकायत

के अनुसार चोर पांच सोने की चेन, 10 सोने की अंगूठियां, एक सोने का कड़ा, गले का सेट

और मंगलसूत्र के अलावा चांदी की पाजेब व चुटकी चोरी कर ले गए। अलमारी में परिवार के

कई सदस्यों के जेवर रखे थे। सीआईएसएफ जवान राजेश ने बताया कि उनके भाई रिंकू की बड़वासनी

के पास घेवर की दुकान है।

सीजन में दुकान से हुई कमाई के सात लाख रुपये अलमारी में

रखे थे, जिन्हें चोर ले गए। परिवार के अनुसार चोर करीब रात दो बजे छत पर पहुंचे होंगे।

सुबह चोरी का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मोहाना थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर

जांच की। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों

की फुटेज खंगाल रही है और चोरों के आने-जाने के रास्ते की जांच कर रही है। पुलिस

ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरी हुए सामान की बरामदगी

और आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Share this story