सोनीपत: संत रविदास की 650वीं जयंती पर देशभर में निकलेगी समरसता संकल्प यात्रा:पवन खरखौदा

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत: संत रविदास की 650वीं जयंती पर देशभर में निकलेगी समरसता संकल्प यात्रा:पवन खरखौदा


सोनीपत, 22 नवंबर (हि.स.)। खरखौदा से भाजपा विधायक पवन खरखौदा ने कहा कि सद्गुरु रविदास

जी महाराज ने सदियों पहले समाज को समानता, सम्मान, स्वाभिमान और भाईचारे का संदेश दिया

था। उनकी शिक्षाएं आज भी पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। भाजपा सरकार संत-महापुरुषों

के विचारों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है।

विधायक रविवार को सोनीपत के पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह और बाद

में गोहाना में आयोजित पत्रकार वार्ताओं में बोल रहे थे। उन्होंने बताया कि संत रविदास

जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 18 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक देशव्यापी

समरसता संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों

ने संत रविदास को वह राष्ट्रीय सम्मान और पहचान नहीं दी, जिसके वे हकदार थे। विपक्षी

दलों ने रविदासिया समाज को केवल चुनावी वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया।

पवन खरखौदा ने बताया कि यात्रा पंजाब के जालंधर स्थित डेरा

सचखंड बल्लां से शुरू हुई है। करीब 2,402 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए यह विभिन्न

राज्यों और केंद्रशासित क्षेत्रों के लगभग 47 शहरों से गुजरेगी। यात्रा का समापन वाराणसी

स्थित संत रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में होगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा में यह यात्रा 25, 26 और 28 नवंबर

को रहेगी। मुख्य यात्रा यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद

और पलवल सहित आठ जिलों से गुजरेगी। बाकी 15 जिलों से उपयात्राएं निकाली जाएंगी, जो

निर्धारित स्थानों पर मुख्य यात्रा में शामिल होंगी।

25 नवंबर को यात्रा यमुनानगर से हरियाणा में प्रवेश कर अंबाला

होते हुए कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। उमरी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में

विशाल जनसभा होगी। 26 नवंबर को करनाल और पानीपत होते हुए यात्रा सोनीपत पहुंचेगी। बहालगढ़

में भी जनसभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद यात्रा उत्तर प्रदेश की ओर रवाना होगी। 28

नवंबर को दिल्ली से हरियाणा में प्रवेश कर फरीदाबाद में जनसभा के बाद पलवल और होडल

होते हुए उत्तर प्रदेश जाएगी।

विधायक ने कहा कि संत रविदास जी ने जातिगत भेदभाव, छुआछूत

और ऊंच-नीच के खिलाफ आवाज उठाई थी। उनकी सोच ऐसे समाज की थी, जहां हर व्यक्ति को समान

सम्मान और अवसर मिले। यह यात्रा किसी एक जाति या वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी

समाजों को जोड़ने का अभियान है। यात्रा के दौरान स्वागत समारोह, सामाजिक संवाद, समरसता

भोज और संत-महापुरुषों को श्रद्धांजलि देने के कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री

नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार सभी वर्गों के सम्मान और विकास के लिए

प्रतिबद्ध है। उन्होंने सोनीपत, गोहाना, खरखौदा सहित प्रदेश के लोगों से यात्रा में

बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781553 Articles

Share this story