सोनीपत में सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर बुजुर्ग की मौत
सोनीपत, 09 नवंबर (हि.स.)। गन्नौर क्षेत्र में खुबड़ू रोड पर साेमवार काे हरिओम भट्ठे के
पास सड़क पर बिना किसी संकेतक के खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने पर मोपेड सवार बुजुर्ग
की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को पहले गन्नौर के सामुदायिक स्वास्थ्य
केंद्र और फिर खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां
चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गन्नौर थाना पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत
पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गन्नौर के गांधी नगर निवासी सूरज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत
में बताया कि उसके पिता रामचन्द्र (63) टीवीएस मोपेड पर किसी काम से कैलाना गांव गए
थे। रविवार शाम वह घर लौट रहे थे। जब वह खुबड़ू रोड पर हरिओम भट्ठे के सामने पहुंचे
तो सड़क पर लाल रंग की महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। शिकायत के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली
पर न तो कोई इंडिकेटर था और न ही कोई चेतावनी संकेत लगाया गया था। अंधेरे में मोपेड
सीधे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इससे रामचन्द्र के सीने, हाथ और पैरों में गंभीर
चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस
से उन्हें गन्नौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों
ने उन्हें खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां
जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गन्नौर से दुर्घटना
की सूचना मिलने पर एएसआई वाकिब की टीम अस्पताल पहुंची थी। इसके बाद 9 नवंबर को पुलिस
टीम खानपुर मेडिकल कॉलेज पहुंची, जहां मृतक के बेटे सूरज कुमार ने लिखित शिकायत दी।
शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर गन्नौर थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ
मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

