सोनीपत में ट्रक से चायपत्ती के 59 बोरे चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार
सोनीपत, 01 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत की बहालगढ़ थाना पुलिस ने कंपनी परिसर की पार्किंग
में खड़े ट्रक से चायपत्ती के 59 बोरे चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार
किया है। आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी अंकित और प्रयागराज
निवासी अनुज के रूप में हुई है। दोनों दिल्ली के अलीपुर में रह रहे थे। पुलिस ने उन्हें
अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस के अनुसार, कुंडली स्थित टीडीआई निवासी अंकित ने 30
अक्टूबर को बहालगढ़ थाने में शिकायत दी थी कि वह आदर्श मार्केटिंग कंपनी में मैनेजर
है। 28 अक्टूबर को सुबह बहालगढ़ स्थित गोदाम पहुंचने पर ट्रक चालक ने उसे चायपत्ती
चोरी होने की जानकारी दी। मौके पर जांच करने पर ट्रक का तिरपाल खुला मिला।
माल की गिनती
करने पर टाटा प्रीमियम चायपत्ती के 1.50 किलोग्राम वाले 30 बोरे और टाटा अग्नि चायपत्ती
के 1.50 किलोग्राम वाले 29 बोरे गायब मिले। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच
शुरू की। गोदाम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच में सामने आया कि लंबा
ट्रांसपोर्ट की गाड़ी का चालक अनुज और दूसरी गाड़ी का चालक संदीप अपने दो अन्य साथियों
के साथ ट्रक से चायपत्ती के बोरे निकालकर गाड़ियों में रख रहे थे। इसके बाद वे चोरी
का माल लेकर चले गए।
पुलिस के मुताबिक, बहालगढ़ थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक
जसमेर की टीम ने कार्रवाई करते हुए अंकित और अनुज को गिरफ्तार किया। दोनों को अदालत
में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान मामले में
अन्य आरोपियों की भूमिका और चोरी किए गए माल के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

