सोनीपत में 20 लाख की फिरौती मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल बरामद
सोनीपत, 21 मई (हि.स.)। सोनीपत
पुलिस ने 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में एक आरोपी गुरुवार को गिरफ्तार
किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयोग किया गया मोबाइल फोन बरामद
किया है। आरोपी की पहचान सोनीपत के गांव घड़वाल निवासी जगरूप के रूप में हुई है।
सहायक पुलिस आयुक्त संदीप धनखड़ ने बताया कि गोहाना निवासी भगवान गोयल ने थाना शहर गोहाना में शिकायत दी थी कि सात
मई 2026 को उसके मोबाइल फोन पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को लाखा घड़वाल बताते
हुए 20 लाख रुपये की मांग की।
शिकायतकर्ता
के अनुसार आरोपी ने रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। इससे परिवार में डर
का माहौल बन गया था। शिकायत मिलने के बाद थाना शहर गोहाना में भारतीय न्याय संहिता
की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले
में जांच टीम में तैनात सहायक उप निरीक्षक अनम ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई करते हुए
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया
मोबाइल फोन भी बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे
न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

