सोनीपत: पश्चिम बंगाल में जीत से श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने हुए साकार: कविता जैन
सोनीपत, 05 मई (हि.स.)। पश्चिम
बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की जीत के बाद सोनीपत में जश्न का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को
भी लड्डू बांटकर खुशी जताई और ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते हुए एक-दूसरे को बधाई दी।
महिला कार्यकर्ता भी उत्साह के साथ जश्न में शामिल रहीं। कार्यालय में दिनभर उत्सव
जैसा माहौल बना रहा और कार्यकर्ताओं के चेहरों पर खुशी साफ दिखी।
पूर्व
कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने तीन राज्यों के विधानसभा परिणामों पर प्रतिक्रिया देते
हुए कहा कि यह जीत नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और अमित शाह की रणनीति का परिणाम है। उन्होंने
कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली सफलता श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को आगे बढ़ाने
वाली है। जनता ने सुरक्षित माहौल और सुशासन के पक्ष में मतदान कर स्पष्ट संदेश दिया
है।
उन्होंने
कहा कि पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों
पर जनता ने अपना फैसला सुनाया है। असम में भाजपा सरकार की लगातार तीसरी जीत को उन्होंने
सुशासन पर जनता की मुहर बताया। उनके अनुसार इन परिणामों ने देश की राजनीति में विकास
और स्थिरता की दिशा को मजबूत किया है। नगर निगम चुनाव को लेकर भी कार्यकर्ताओं में
उत्साह दिखाई दिया। कविता जैन ने कहा कि दस मई को होने वाले सोनीपत नगर निगम चुनाव
में भाजपा मजबूत स्थिति में है। उन्होंने भरोसा जताया कि मेयर उम्मीदवार राजीव जैन
सहित सभी बाईस पार्षद उम्मीदवार बड़ी जीत दर्ज करेंगे। आजाद नेहरा, राकेश मलिक और संजय
वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

