सोनीपत: पनीर फैक्ट्री पर सीएम फ्लाइंग का छापा, 180 किलो पनीर नष्ट कराया

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत: पनीर फैक्ट्री पर सीएम फ्लाइंग का छापा, 180 किलो पनीर नष्ट कराया


-दूध और पनीर के चार नमूने जांच के

लिए भेजे गए

सोनीपत, 31 अक्टूबर (हि.स.)। सोनीपत

के देवड़ू रोड स्थित शिव कॉलोनी में सीएम फ्लाइंग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त

टीम ने घटिया गुणवत्ता का पनीर तैयार करने वाली फैक्ट्री पर शनिवार को छापा मारा। करीब

500 गज के प्लॉट में चल रही इस यूनिट से 180 किलो पनीर और लगभग पांच हजार लीटर दूध

मिला। टीम ने पनीर नष्ट करवाकर दूध और पनीर के दो-दो नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।

प्रारंभिक

जानकारी के अनुसार, अध्या एंटरप्राइजेज के नाम से चल रही इस फैक्ट्री का संचालन मधुप

कर रहा था। त्यौहारों में पनीर की बढ़ती मांग को देखते हुए करीब एक महीने पहले ही यूनिट

शुरू की गई थी। मौके पर तीन से चार मजदूर काम करते मिले।

छापे

के दौरान अलग-अलग टंकियों में करीब पांच हजार लीटर दूध मिला। इसमें 4400 लीटर ठंडा

दूध था, जबकि 600 लीटर दूध कढ़ाई में गर्म किया जा रहा था। गाड़ी में रखी दूध की दो

टंकियों में दूध के ऊपर मक्खियां बैठी मिलीं। फैक्ट्री में साफ-सफाई की हालत भी खराब

थी। दूध की टंकियों में मक्खियां मिलने के अलावा खाद्य सामग्री तैयार करने और रखने

की जगह पर जरूरी सफाई व्यवस्था नहीं थी।

टीम

को मौके से एक्सपायरी तारीख का पाम ऑयल भी मिला। फैक्ट्री के संचालन के लिए जरूरी मान्यता

और प्रदूषण नियंत्रण विभाग का प्रमाण पत्र भी नहीं मिला। यूनिट नाले के बिल्कुल साथ

चल रही थी। इस पर प्रदूषण नियंत्रण विभाग के एसडीओ ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में खरखौदा क्षेत्र के गांव सिसाना स्थित

आयुष मिल्क प्लांट से दूध मंगवाया जाता था। बताया गया कि हर दो दिन में एक गाड़ी दूध

लेकर पहुंचती थी।

अधिकारियों

के अनुसार, फैक्ट्री में एनालॉग पनीर तैयार किए जाने की जानकारी मिली है। इस तरह के

पनीर में दूध की वसा के बजाय वनस्पति वसा या अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है।

हालांकि, बरामद पनीर की वास्तविक प्रकृति और गुणवत्ता की पुष्टि प्रयोगशाला की जांच

रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। दूध और पनीर के चार नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770048 Articles

Share this story