सोनीपत: नीति आयोग की सदस्य ने प्रताप स्कूल का शिक्षा-खेल मॉडल सराहा

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत: नीति आयोग की सदस्य ने प्रताप स्कूल का शिक्षा-खेल मॉडल सराहा


खरखौदा में शैक्षणिक व्यवस्था और खेल सुविधाओं का किया निरीक्षण

खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए किया प्रेरित

सोनीपत, 13 नवंबर (हि.स.)। नीति आयोग की पूर्णकालिक सदस्य एवं शिक्षाविद् डॉ.

जोराम अनिया ने प्रताप सिंह मेमोरियल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खरखौदा का दौरा कर

वहां की शैक्षणिक व्यवस्था, खेल सुविधाओं और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण का जायजा लिया।

उन्होंने शिक्षा और खेलों को साथ लेकर चलने की विद्यालय की व्यवस्था तथा ग्रामीण प्रतिभाओं

को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की।

उनके साथ नीति आयोग के शिक्षा, युवा मामले एवं खेल के विशेष

कार्य अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल जितेंद्र वर्मा, निजी सचिव सलाम श्यामसुंदर सिंह और

प्रथम निजी सहायक हर्ष सिंह मौजूद रहे। विद्यालय पहुंचने पर द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता

एवं खेल निदेशक ओमप्रकाश दहिया, एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. सुबोध दहिया और विद्यालय प्रबंधन

समिति के सदस्यों ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इस दौरान डॉ. अनिया को स्मृति चिह्न

भेंट कर सम्मानित किया गया।

डॉ. जोराम अनिया ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास

के लिए पढ़ाई के साथ खेलों को भी समान महत्व देना जरूरी है। खेलों से बच्चों में अनुशासन,

आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं

की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित अवसर, आधुनिक सुविधाएं और बेहतर प्रशिक्षण देने

की है। उन्होंने खिलाड़ियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए

प्रेरित किया।

लेफ्टिनेंट कर्नल जितेंद्र वर्मा ने खिलाड़ियों से बातचीत

कर उनके प्रशिक्षण, खेल लक्ष्यों और भविष्य की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने

कहा कि खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रमंडल और ओलंपिक खेलों को ध्यान में रखकर तैयारी

करनी चाहिए। इसके लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन और समर्पण जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों

को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करने का संदेश

दिया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने के विद्यालय

के प्रयासों की प्रशंसा की।

खेल निदेशक ओमप्रकाश दहिया ने प्रतिनिधिमंडल को विद्यालय की

खेल उपलब्धियों और प्रशिक्षण सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय के

खिलाड़ी अब तक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 265 पदक जीत चुके हैं। यहां अनुभवी

प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न खेलों का नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है। विद्यालय

में भारतीय खेल प्राधिकरण से संबद्ध खेलो इंडिया केंद्र और हरियाणा खेल विभाग की खेल

नर्सरियां भी संचालित हैं।

एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. सुबोध दहिया ने बताया कि विद्यालय में

पढ़ाई और खेलों को एक-दूसरे का पूरक माना जाता है। अनुभवी शिक्षकों, आधुनिक शैक्षणिक

सुविधाओं, आवासीय व्यवस्था और खेल प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण

विकास पर ध्यान दिया जाता है। उद्देश्य ऐसे युवा तैयार करना है, जो भविष्य में एशियाई,

राष्ट्रमंडल और ओलंपिक खेलों में देश का नाम रोशन कर सकें।

डॉ. अनिया ने विद्यालय की कार्यप्रणाली और खिलाड़ियों को आगे

बढ़ाने के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उल्लेखनीय

है कि डॉ. अनिया हिंदी विषय में पीएचडी करने वाली अरुणाचल प्रदेश की पहली विदुषी हैं।

उन्हें वर्ष 2018 में मॉरीशस में आयोजित 11वें विश्व हिंदी सम्मेलन में विश्व हिंदी

सम्मान से सम्मानित किया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776309 Articles

Share this story