सोनीपत: गोहाना में पूर्व ब्लॉक समिति सदस्य को एक साल की कैद
सोनीपत, 18 नवंबर (हि.स.)। गोहाना में गली निर्माण और पैसों के लेन-देन के विवाद में
हुए जानलेवा हमले के करीब आठ साल पुराने मामले में गोहाना की अदालत ने पूर्व ब्लॉक
समिति सदस्य अजमेर उर्फ नन्हा को एक साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
उपमंडल न्यायिक
मजिस्ट्रेट अविनाश यादव की अदालत ने दोषी पर अलग-अलग धाराओं में दो हजार रुपये का जुर्माना
भी लगाया है। वहीं, ठोस साक्ष्यों के अभाव में चार सह-आरोपियों फूल कुमार, बिरमती,
रेखा और अनीता को बरी कर दिया गया।
गांव रिंढाणा निवासी भीम सिंह ने दो जनवरी 2018 को बरोदा थाना
पुलिस में शिकायत दी थी कि सुबह उनके घर के सामने गली का निर्माण कार्य चल रहा था।
इसकी पैमाइश ब्लॉक समिति सदस्य अजमेर ने की थी।
शिकायतकर्ता और आरोपियों के बीच पहले
से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप था कि इसी रंजिश में अजमेर और अन्य
लोगों ने फरसे, लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से भीम सिंह पर हमला कर दिया।
बीच-बचाव
करने आए उसके भाई आजाद, सत्यवान, पत्नी सूरजमुखी और बेटी मनीषा को भी चोटें आई थीं।
पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच के बाद
पांच वयस्क आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया था। सुनवाई के दौरान अभियोजन
पक्ष ने कुल आठ गवाह पेश किए। बचाव पक्ष ने एक्स-रे फिल्म प्रस्तुत नहीं होने का तर्क
दिया, लेकिन अदालत ने चिकित्सकीय अभिलेखों और चिकित्सक की गवाही के आधार पर फ्रैक्चर
की पुष्टि को पर्याप्त माना।
अदालत ने कहा कि हथियार बरामद नहीं होना और गवाहों के
बयानों में मामूली अंतर होने से घायल गवाहों की गवाही और चिकित्सकीय साक्ष्य कमजोर
नहीं होते। साथ ही, जनप्रतिनिधि होने या गली पर अतिक्रमण होने से किसी को कानून हाथ
में लेने का अधिकार नहीं मिलता।
अदालत ने अजमेर को गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में एक साल
तथा साधारण चोट पहुंचाने के मामले में छह महीने के कठोर कारावास की सजा सुनाई।
दोनों
सजाएं साथ-साथ चलेंगी। प्रत्येक धारा में एक हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना
नहीं भरने पर अतिरिक्त कारावास का प्रावधान है। दोषी द्वारा जुर्माना अदा करने और ऊपरी
अदालत में अपील करने की मांग पर अदालत ने पचास हजार रुपये के मुचलके पर अंतरिम जमानत
प्रदान कर दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

