सोनीपत की खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जीता रजत पदक

WhatsApp Channel Join Now
सोनीपत की खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जीता रजत पदक


सोनीपत, 26 नवंबर (हि.स.)। प्रताप स्कूल, खरखौदा की खिलाड़ी स्मृति ने पुणे (महाराष्ट्र)

में आयोजित प्रथम इंडिया इंटरनेशनल ओपन ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 (जीआई टूर्नामेंट)

में शानदार प्रदर्शन करते हुए 49 किग्रा भारवर्ग में रजत पदक जीतकर विद्यालय, क्षेत्र

और हरियाणा प्रदेश का नाम रोशन किया।

यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 20 से 25 नवंबर 2026 तक श्री

शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पुणे में आयोजित की गई। देश-विदेश के प्रतिभाशाली

खिलाड़ियों के बीच स्मृति ने अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरा

स्थान प्राप्त किया। स्मृति की इस शानदार उपलब्धि पर प्रताप स्कूल प्रबंधन समिति, द्रोणाचार्य

अवॉर्डी एवं विद्यालय के खेल निदेशक ओमप्रकाश दहिया, प्राचार्या दया दहिया तथा एकेडमिक

डायरेक्टर डॉ. सुबोध दहिया ने खिलाड़ी स्मृति को बधाई और आशीर्वाद दिया। विद्यालय प्रबंधन

ने कहा कि स्मृति की यह सफलता अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

अंतरराष्ट्रीय

स्तर पर रजत पदक जीतना उसकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। प्राचार्या

दया दहिया ने स्मृति को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र

की खेल प्रतिभाओं को उचित मंच, प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध करवाकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय

स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने स्मृति के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस उपलब्धि से

प्रताप स्कूल में खुशी का माहौल है। विद्यालय परिवार ने स्मृति को भविष्य की प्रतियोगिताओं

के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह आगे भी अपनी प्रतिभा के दम पर देश

के लिए पदक जीतकर विद्यालय और प्रदेश का गौरव बढ़ाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story