सुधा भारद्वाज पंचकूला नगर निगम चुनाव में हाेंगी कांग्रेस प्रत्याशी
अब तक तीनों निगमों में किया प्रत्याशियों का ऐलान
चंडीगढ़, 19 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा कांग्रेस ने रविवार को पंचकूला नगर निगम के लिए प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सुधा भारद्वाज को पंचकूला नगर निगम में मेयर पद का प्रत्याशी घोषित किया गया है। प्रदेश की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी समेत अन्य दलों के मुकाबले कांग्रेस ने इस बार सबसे पहले प्रत्याशी का ऐलान किया है।
पार्टी की तरफ से शनिवार को अंबाला से कुलविंद्र कौर तथा सोनीपत से कमल दीवान को प्रत्याशी घोषित किया जा चुका है। कांग्रेस यह चुनाव पार्टी के अधिकारिक चुनाव चिन्ह पर लड़ेगी। सुधा भारद्वाज पार्टी के मीडिया एवं कार्यालय प्रभारी संजीव भारद्वाज की पत्नी है। सुधा भारद्वाज को कुमारी सैलजा तथा रणदीप सुरजेवाला का समर्थन हासिल है। पार्टी नेता एवं पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह द्वारा चलाई जा रही सद्भावना यात्रा में भी शामिल हो चुकी हैं। प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह पूरी तरह से सुधा भारद्वाज के हक में हैं।
पंचकूला में पार्टी के पास मुख्य तौर 2 ही नाम थे। इनमें पंजाबी समाज से आने वाले पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रविंद्र रावल और ब्राह्मण समाज से सुधा भारद्वाज शामिल हैं। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा उनके सांसद बेटे दीपेंद्र हुड्डा रविंद्र रावल के पक्ष में थे।
17 अप्रैल को पंचकूला में टिकट को लेकर मंथन हुआ था। इसमें भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा और विधायक चंद्रमोहन भी पहुंचे थे। इस बैठक में चंद्रमोहन ने खुलकर रविंद्र रावल का विरोध किया। क्योंकि विधानसभा चुनाव के दौरान रविंद्र रावल ने पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी होने के बावजूद उनका विरोध किया था। इसी के चलते हाल ही में अनुशासन समिति के द्वारा जारी शोकॉज नोटिस के कारण उनके नाम पर सहमति नहीं बनी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

