सिरसा: लोक अदालत में दो बंदी रिहा

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: लोक अदालत में दो बंदी रिहा


सिरसा, 06 मई (हि.स.)। जिला जेल में बुधवार को लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संतोष बागोतिया ने बताया कि जेल लोक अदालत में चार मामले रखे गए जिनमें से दो मामलों का निपटारा करते हुए बंदियों को रिहा किया गया। उन्होंने बताया कि जेल लोक अदालत का आयोजन प्रत्येक माह दो बार किया जाता है, जो माह के प्रथम एवं तृतीय बुधवार को आयोजित होती है। इस लोक अदालत का उद्देश्य छोटे मामलों में लंबे समय से जेल में बंद बंदियों को शीघ्र न्याय प्रदान करना है।

महिला को काम दिलाने के बहाने दुष्कर्म करने के मामले में दो गिरफ्तार

पुलिस ने पंजाब की महिला को काम दिलाने के बहाने एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म करने के मामले में दो आरोपियों को पंजाब क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है जो कि मुख्य षड्यंत्रकारी है। डिंग थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि पीडि़ता की रिश्तेदार महिला और एक युवक ने पीडि़ता को बहला-फुसलाकर होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि किसी को बताया तो जान से मार देंगे। घटना की शिकायत पंजाब के फरीदकोट थाना में दर्ज कर आगामी कार्रवाई के लिए डिंग थाना भेजी गई थी। पीडि़ता को महिला अधिवक्ता के सामने पेश कर बयान दर्ज किए गए और मेडिकल जांच करवाई गई। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट की पुष्टि के आधार पर आरोपी मनप्रीत सिंह व रीना कौर निवासी पंजाब को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story