सिरसा: लाखों की अफीम व हेरोइन सहित तीन तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 07 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र से तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये अफीम व हेरोइन बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरनाम सिंह, शुभजीत सिंह व सुरजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान डबवाली क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान चौटाला रोड पर स्कूटी सवार एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से आधा किलोग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान गुरनाम सिंह के रूप में हुई है। इसके अलावा पुलिस ने गांव चौटाला क्षेत्र से शुभजीत सिंह को छह ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। कालांवाली थाना पुलिस ने अफीम बरामदगी मामले में मुख्य तस्कर सुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गांव तख्तमल क्षेत्र में अफीम तस्कर जगतार सिंह को गिरफ्तार किया था। प्रारंभिक पूछताछ में जगतार ने खुलासा किया कि उसे सुरजीत सिंह ने अफीम सप्लाई की थी। पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर आरोपी सुरजीत सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

