सिरसा में किसान संगठनों की महापंचायत,मांगों पर सरकार को चेताया

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा में किसान संगठनों की महापंचायत,मांगों पर सरकार को चेताया


सिरसा, 03 जून (हि.स.)। किसानों की समस्याओं व मांगों को लेकर सिरसा जिले में किसान संगठनों की महापंचायत हुई, जिसमें पड़ोसी प्रदेश राजस्थान के किसान नेताओं ने भी हिस्सा लिया। रानियां कस्बे के ओटू हेड पर बुधवार को हुई महापंचायत में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और अपना समर्थन दिया। किसानों की ओर से चेतावनी दी गई कि अगर जल्द इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया तो सिंचाई मंत्री के आवास को 25 जून को घेरा जाएगा। किसानों ने विभाग के अधीक्षक अभियंता राजेश बिश्रोई को मांगों से संबोधित एक ज्ञापन भी सौंपा।

महापंचायत को संबोधित करते हुए किसान नेता बलवान पूनिया ने कहा कि हिसार घग्गर मल्टीपरपज ड्रेन की मार झेल रहे भिवानी, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, जींद जिला के किसानों की तबाही की जिम्मेदार हरियाणा सरकार है। इन जिलों के किसानों की फसलों और घरों को बचाने की बजाय भाजपा सरकार डुबोने के काम कर रही है। लोगों ने बर्बादी के उस मंजर को देखा है, जिसमें उनके घर तबाह हो गए थे, सेम की समस्या के चलते खेतों में पैदावार नहीं हो रही और किसान मजदूर कर्जवान होते जा रहे हैं। जितने सोलर ट्यूबवेल लगवाए वो फेल है। किसान नेताओं ने कहा कि अब लोग चुप नहीं बैठेंगे और अगर बारिश आने से पहले सरकार ने इन मुद्दों को हल नहीं किया तो किसान संगठन इस बार सरकार और अफसरशाही के घरों को घेरने को मजबूर होंगे। किसान महापंचायत को इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला, कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बैनीवाल, जेजेपी जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा सहित किसान नेताओं ने संबोधित किया।

किसानों की मांग है कि ओटू हेड के पास हिसार घग्गर मल्टीपरपज ड्रेन से पानी की निकासी के लिए 1500 क्यूसिक पानी की क्षमता की स्थाई मोटरों अथवा पंप सेट का निर्माण किया जाएं। हिसार घग्गर ड्रेन की किसानों की निगरानी में पूरी सफाई करवाई जाएं, ड्रेन के चलते अनेकों गावों में आने वाली सेम की समस्या को स्थायी हल करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। हिसार घग्गर मल्टीपरपज ड्रेन में फैक्ट्रियों का गंदा पानी डालने से रोका जाएं और शहरों का गंदा पानी साफ करके इसमें डाला जाए। घग्गर से निकलने वाली नहरों की सफाई की जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story