सिरसा: बच्चे का अपहरण कर 70 लाख की फिरौती मांगने वाला मास्टर माइंड गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: बच्चे का अपहरण कर 70 लाख की फिरौती मांगने वाला मास्टर माइंड गिरफ्तार


सिरसा, 27 मई (हि.स.)। सिरसा के बुक विक्रेता के बेटा का अपहरण कर 70 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने मुख्य मास्टरमाइंड आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जिले के गांव रामनगरिया निवासी दीपक के रूप में हुई है।

शहर थाना प्रभारी बलराज सिंह ने बुधवार को बताया कि सिरसा निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी सुरतगढिय़ा चौक पर किताबों की दुकान है। उसकी दुकान पर चतरगढ़ पट्टी निवासी सौरभ पिछले करीब तीन वर्षों से काम करता था। उसका बेटा सी ब्लॉक स्थित एक ट्यूशन सेंटर में पढऩे जाता है जिसे सौरभ छोडऩे जाता था। बीते दिवस भी सौरभ बच्चे को बाइक पर ट्यूशन छोडऩे जा रहा था। जैसे ही वे सी ब्लॉक क्षेत्र में पहुंचे तो पीछे से आई एक नैनो कार ने बाइक के आगे गाड़ी लगाकर उन्हें रोक लिया।

कार से उतरे तीन नकाबपोश युवकों ने सौरभ और बच्चे को जबरन गाड़ी में बैठा लिया तथा उनकी आंखों पर कपड़ा बांध दिया। आरोपियों ने कुछ दूरी पर ले जाकर शिकायतकर्र्ता को व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से 70 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि बच्चे को गुमराह करने के उद्देश्य से सौरभ ने साजिश के तहत स्वयं को बेहोश होने का नाटक किया ताकि बच्चे को लगे कि उसे भी बदमाशों ने बंधक बना रखा है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य मास्टरमाइंड आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने वारदात को अंजाम देने के लिए पहले बाइक पर सवार होकर रेकी की तथा पीडि़त परिवार के बारे में पूरी जानकारी जुटाई थी। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है तथा उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाकर उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सके। गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story