सिरसा के होटल में चल रहा था देह व्यापार का धंधा, होटल संचालक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा के होटल में चल रहा था देह व्यापार का धंधा, होटल संचालक गिरफ्तार


सिरसा, 16 मई (हि.स.)। सिरसा के एक होटल में चलाए जा रहे देह व्यापार के मामले में पुलिस ने होटल संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने होटल में काम करने वाली दो महिलाओं की शिकायत पर होटल संचालक सहित कुछ अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था जिसमें एक यूट्यूबर महिला भी शामिल है। पुलिस ने होटल में चल रही अनैतिक गतिविधियों का भंडाफोड़ करते हुए इस मामले में संलिप्त अन्य लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

होटल में काम करने वाली दो पीडि़त महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी थी कि उन्हें खाना बनाने व अन्य काम के लिए रखा गया था। पीडि़त महिलाओं ने बताया कि वे होटल में पिछले चार-पांच महीनों से कार्य कर रही थीं। इस दौरान होटल संचालक प्रिंस तथा उसकी पत्नी ने उन्हें बंधक बनाकर होटल में आने वाले ग्राहकों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती थी। इतना ही नहीं, मामले में एक महिला यूट्यूबर द्वारा भी उन पर समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा था।

शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने होटल संचालक सहित चार नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस होटल संचालक आरोपी प्रिंस को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

वहीं इस मामले में सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी कर कहा कि सिरसा के एक होटल में दो महिलाओं से रेप हो रहा था, उनसे वेश्यावृत्ति कराई जा रही थी। पीडि़त महिलाओं ने पुलिस में शिकायत करने की बात की तो आपने आप को पत्रकार बताकर एक महिला ने उन्हें धमकाया और कहा कि होटल संचालक की शिकायत की तो बुरा हाल कर देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story